भोपाल: बंदी सोहेल खान के फरार होने की घटना के बाद राजधानी के हमीदिया अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले बंदियों के लिए अलग और सुरक्षित जेल वार्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। हाल के दिनों में कैदियों के अस्पताल से फरार होने की घटनाओं के बाद जेल विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। भोपाल केंद्रीय जेल के अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने इस संबंध में डीजीपी जेल को पत्र भेजकर विशेष जेल वार्ड बनाने की मांग की है।
जेल अधीक्षक का कहना है कि प्रदेशभर की विभिन्न जेलों से गंभीर रूप से बीमार बंदियों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा जाता है। ऐसे में हमीदिया अस्पताल में एक अलग, सुरक्षित और आरक्षित वार्ड होने से बंदियों की निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी।
हर बार अलग से पुलिस बल तैनात करना चुनौती
वर्तमान में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक बंदी की सुरक्षा के लिए अलग से इंतजाम करने पड़ते हैं। जेल प्रहरियों के साथ जिला पुलिस बल के जवानों को भी तैनात किया जाता है। इसके बावजूद कई बार बंदी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो जाते हैं।
जेल अधीक्षक के अनुसार, हर बंदी के इलाज के दौरान पर्याप्त पुलिस गार्ड उपलब्ध कराना भी एक चुनौती है, क्योंकि पुलिस बल की सीमित उपलब्धता रहती है। हालांकि, प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े बंदियों और फरार होने की आशंका वाले आदतन अपराधियों के लिए पहले से अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की जाती है।
पहले भी थी जेल वार्ड की व्यवस्था
हमीदिया अस्पताल में पहले बंदियों के लिए अलग जेल वार्ड की व्यवस्था थी, लेकिन अब यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। जेल विभाग का मानना है कि हालिया घटनाओं और सुरक्षा में सामने आई कमियों के बाद इस व्यवस्था को फिर से शुरू करना जरूरी हो गया है।
विशेष वार्ड बनने से इलाज के दौरान बंदियों को अलग स्थान पर रखा जा सकेगा और उनकी सुरक्षा व निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
सोहेल खान की फरारी के बाद तेज हुई मांग
हाल ही में बंदी सोहेल खान के हमीदिया अस्पताल से फरार होने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। मानसिक उपचार के लिए अस्पताल लाए गए सोहेल खान ने सुरक्षा में तैनात प्रहरी पर हमला किया और हथकड़ी समेत फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने कुछ घंटों बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया था।
इस घटना के बाद जेल विभाग ने हमीदिया अस्पताल में बंदियों के लिए अलग सुरक्षित वार्ड की जरूरत को लेकर प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर प्रदेशभर से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भोपाल आने वाले बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सकेगी।

