नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान रवाना होने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम किट से जुड़ी परेशानी का सामना कर रही है। टीम के कुछ खिलाड़ियों को अब तक सही आकार की जर्सी नहीं मिली है। भारतीय टीम को रविवार, 20 सितंबर की सुबह दिल्ली से जापान के लिए रवाना होना है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, खिलाड़ियों की किट को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) और किट उपलब्ध कराने वाली कंपनी जेएसडब्ल्यू इंस्पायर के बीच बातचीत जारी है। आईओए के एक सूत्र ने बताया कि किट के आकार से जुड़ी ज्यादातर समस्या दूर कर ली गई है और बची हुई किट जल्द खिलाड़ियों तक पहुंचा दी जाएगी।
दो अलग-अलग जर्सी में खेलेगी टीम
भारतीय टीम को जापान दौरे पर दो तरह की किट की जरूरत होगी। टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी नियमित जर्सी पहनेगी। इसके बाद 28 सितंबर से एशियन गेम्स की क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होगी, जिसमें खिलाड़ी आधिकारिक एशियन गेम्स जर्सी में उतरेंगे। दो अलग-अलग किट की जरूरत को भी मौजूदा परेशानी की वजह बताया जा रहा है।
खिलाड़ियों के ठहरने की भी समस्या
नागोया में भारतीय खिलाड़ियों के ठहरने को लेकर भी दिक्कत सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, कई खिलाड़ियों को आवास उपलब्ध कराने में परेशानी के बाद बीसीसीआई ने अपने स्तर पर होटल की व्यवस्था करने का फैसला किया है। भारतीय महिला टीम आईओए की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में रह रही है।
इस बार एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक खेल गांव की व्यवस्था नहीं है। खिलाड़ियों के ठहरने के लिए क्रूज जहाजों, कंटेनरों और होटलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुरुष टीम सीधे क्वार्टर फाइनल खेलेगी
भारतीय पुरुष टीम 28 सितंबर को सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगी। भारत का सामना ग्रुप ए की उपविजेता टीम से होगा। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल हैं, जबकि ग्रुप बी में हांगकांग, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। भारत के अलावा पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को भी सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। सेमीफाइनल 1 अक्टूबर और पदक मुकाबले 3 अक्टूबर को होंगे।
यह भी पढ़ें: गोलमाल 5 की रिलीज डेट तय, 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंची
भारतीय महिला टीम ने मेजबान जापान को क्वार्टर फाइनल में आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब 20 सितंबर को उसका मुकाबला बांग्लादेश से होगा। भारत की जीत के साथ उसका पदक भी तय हो गया है। कांस्य पदक और स्वर्ण पदक के मुकाबले 22 सितंबर को खेले जाएंगे। 2023 एशियन गेम्स में भारत की पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट टीमों ने स्वर्ण पदक जीता था।

