यूजीन: भारतीय एथलीट शाहनवाज खान ने अमेरिका के यूजीन में आयोजित अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। 18 वर्षीय शाहनवाज ने फाइनल के तीसरे राउंड में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर पोडियम पर जगह बनाई।
शाहनवाज ने पांचवें राउंड में भी 7.83 मीटर की छलांग लगाई। प्रतियोगिता में शुरुआत में पीछे रहने के बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पदक अपने नाम किया।
भारत का तीसरा मेडल
शाहनवाज इस चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय एथलीट हैं। इससे पहले शनिवार को भारत ने दो सिल्वर मेडल जीते थे। आशीष यादव ने जेवलिन थ्रो और बासंत कुमार मेघवाल ने हाई जंप में सिल्वर मेडल हासिल किया था।
ये भी पढ़े
MP की खुशी दाभाडे का भारतीय फेंसिंग टीम में चयन, नाइजीरिया में लेंगी हिस्सा
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शाहनवाज के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुशी जताई और इसे प्रतियोगिता में भारत का तीसरा पदक बताया।
इटली के इंजोली ने जीता गोल्ड
लॉन्ग जंप फाइनल में इटली के इंजोली ने 7.97 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता। ऑस्ट्रेलिया के मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
बासंत मेघवाल ने हाई जंप में जीता सिल्वर
इससे पहले राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ के रहने वाले बासंत कुमार मेघवाल ने हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता था। 19 वर्षीय मेघवाल ने फाइनल में 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।
शाहनवाज के ब्रॉन्ज के साथ भारत ने अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अब तक तीन पदक अपने नाम कर लिए हैं।

