शिवपुरी में चौंकाने वाली वारदात: थाना प्रभारी के घर ही चोरी

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है,जहां खुद एक पुलिस अधिकारी का घर ही चोरों के निशाने पर आ गया। ब्रजमोहन रावत, जो फिलहाल अशोकनगर जिले के हरिजन थाने में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ हैं, उनके घर में देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया और इस दौरान पूरा परिवार गहरी नींद में सोता रह गया।

CCTV को दिया चकमा

जानकारी के मुताबिक, घटना 24 अप्रैल की रात सिंहनिवास गांव में हुई। नकाबपोश चोर पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। सबसे पहले उन्होंने घर में लगे CCTV कैमरे का एंगल बदल दिया और लकड़ी के सहारे कैमरे को ऊपर की ओर मोड़ दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद खिड़की उखाड़कर घर में प्रवेश किया। यह तरीका साफ दिखाता है कि चोरों ने पहले से रेकी की थी और वे तकनीकी रूप से भी सतर्क थे।

चोर ले गए सोना, चांदी और नकदी

घर में घुसने के बाद चोर सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां कीमती सामान रखा था। पहले चोरों ने अलमारी तोड़ी और करीब 4 तोला सोना, चांदी के आभूषण, लगभग ₹50,000 नकदी सब कुछ लेकर चोर मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान थाना प्रभारी अपने परिवार के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे और उन्हें भनक तक नहीं लगी।

पुलिस भी रह गई हैरान

सुबह जब परिवार के लोग जागे और कमरे में पहुंचे, तब चोरी का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद तत्काल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। साथ ही आसपास के CCTV फुटेज और संदिग्धों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *