Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, 2 लोगों की मौत; कई...

सिएटल में फूड फेस्टिवल के दौरान फायरिंग, 2 लोगों की मौत; कई घायल

वॉशिंगटन: अमेरिका के सिएटल में रविवार शाम एक फूड फेस्टिवल के दौरान हुई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चे समेत 5 लोग घायल हुए हैं। यह घटना शहर के मशहूर स्पेस नीडल के पास आयोजित ‘बाइट ऑफ सिएटल’ फेस्टिवल के आखिरी घंटों में हुई।

सिएटल फायर डिपार्टमेंट की प्रवक्ता ग्रेस नुनेज ने घटना की जानकारी दी। उनके मुताबिक, फायरिंग शाम करीब 6 बजे हुई। पुलिस ने इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और लोगों से घटनास्थल के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।

मौके पर ही हुई दो लोगों की मौत

सिएटल फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, गोलीबारी में मारे गए दोनों लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, घायलों को इलाज के लिए हार्बरव्यू मेडिकल सेंटर ले जाया गया। घायलों में एक 2 साल का बच्चा, 23 साल का युवक और दो महिलाएं शामिल हैं। 56 साल की एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है।

पुलिस और इमरजेंसी टीमों ने खाली कराया इलाका

फायरिंग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने सिएटल सेंटर इवेंट्स कैंपस के आसपास का इलाका खाली कराया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी फेस्टिवल के किस हिस्से में हुई। आयोजन स्थल में खुले और इनडोर, दोनों तरह के क्षेत्र शामिल थे। पुलिस ने यह भी जानकारी नहीं दी है कि इस मामले में किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।

गवर्नर ने दिए जांच में मदद के निर्देश

वॉशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने कहा कि उन्हें घटना की लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की सहायता के लिए स्टेट पेट्रोल SWAT अधिकारियों की तैनाती की जानकारी दी। गवर्नर ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई खौफनाक घटना

फेस्टिवल में मौजूद फेथ एडिया हंटर ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ एक फूड स्टॉल से खाना लेकर लौट रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। उन्होंने बताया कि शूटर उनके काफी करीब था। हंटर ने कहा कि, फायरिंग शुरू होते ही लोग डरकर भागने लगे और वे भीड़ के साथ पास की इमारत में चले गए। उन्होंने बताया कि कई लोग सिएटल चिल्ड्रन्स म्यूजियम में जाकर छिप गए।

वेंडर्स और लोगों में मची भगदड़

फायरिंग के बाद कई फूड वेंडर अपने स्टॉल छोड़कर भाग गए। पुलिस की घेराबंदी के कारण कई घंटे तक वेंडर अपने टेंट, खाना और सामान वापस लेने का इंतजार करते रहे। एक वेंडर रॉबर्टो रामिरेज ने बताया कि, शुरुआत में उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि गोली चल रही है और देखते ही देखते पूरा इलाका खाली हो गया। उन्होंने कहा कि लोग बेहद डर गए थे और हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन