जोहान्सबर्ग: दक्षिण अफ्रीका में शनिवार रात से रविवार तक हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और 26 लोग घायल हुए हैं। पहली घटना जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में वेडेला टाउनशिप में हुई, जहां एक बार में आठ हथियारबंद हमलावरों ने फायरिंग कर 17 लोगों की जान ले ली। दूसरी घटना केपटाउन के पास ल्वांडले इलाके में हुई, जहां एक दुकान पर गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हुई। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
वेडेला में आठ हमलावरों ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9:30 बजे आठ हमलावर हथियारों के साथ वेडेला के एक बार पहुंचे। उन्होंने पहले बाहर मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं और फिर बार के अंदर जाकर फायरिंग की। घटना में 13 पुरुषों और चार महिलाओं समेत 17 लोगों की मौत हुई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार हमलावरों के पास एके-47 राइफल और पिस्तौल थीं। आरोपियों ने कुछ लोगों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और दो वाहनों में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। रविवार तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
केपटाउन के पास 10 लोगों की मौत
दूसरी गोलीबारी रविवार तड़के केपटाउन के पास ल्वांडले इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, एक दुकान पर हुए हमले में 10 लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए। इस मामले में भी हमलावरों की पहचान और हमले के कारण का पता लगाया जा रहा है।
दोनों घटनाओं के कुछ ही दिन पहले डरबन के पास एक हाउस पार्टी में गोलीबारी हुई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस लगातार इन घटनाओं के आरोपियों की तलाश में अभियान चला रही है।
ये भी पढ़ें: नेपाल के पूर्व चीफ जस्टिस चोलेन्द्र शमशेर गिरफ्तार, काठमांडू में घर से दबोचे गए
दक्षिण अफ्रीका में लगातार गोलीबारी की घटनाएं
दक्षिण अफ्रीका लंबे समय से हिंसक अपराध और गोलीबारी की घटनाओं से जूझ रहा है। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार देश में रोजाना करीब 60 हत्याएं होती हैं। पुलिस और सरकार के सामने सार्वजनिक सुरक्षा और अवैध हथियारों पर नियंत्रण बड़ी चुनौती बनी हुई है।

