बालाघाट: जेल में निरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के 71 वर्षीय बुजुर्ग आरोपी गोविंद अग्रवाल की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के वसंत नगर निवासी गोविंद पिता रामजी अग्रवाल बताए गए हैं। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। शनिवार को मजिस्ट्रियल मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बुजुर्ग की मौत के बाद मामला चर्चा में आ गया है। एक ओर जेल प्रशासन का कहना है कि वे बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे, वहीं मृतक के बेटे पंकज अग्रवाल ने पुलिस पर उनके पिता को फर्जी एनडीपीएस मामले में फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है।
2 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी, तब से जेल में थे बंद
जानकारी के अनुसार, परसवाड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस ने गोविंद अग्रवाल को आरोपी बनाते हुए 2 नवंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जेल प्रशासन के मुताबिक, जेल में दाखिल होने के समय से ही उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। 4 नवंबर को डॉक्टर से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर 8 नवंबर को दोपहर में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। तब से उनका उपचार अस्पताल में चल रहा था। बताया गया कि उन्हें सांस लेने में परेशानी थी। उपचार के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने पिता को झूठे मामले में फंसाया
मृतक के बेटे पंकज अग्रवाल ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बालाघाट पुलिस ने उनके पिता को झूठे और फर्जी मामले में फंसाया है। पंकज के अनुसार, पुलिस ने उन्हें बताया था कि एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों ने पूछताछ के दौरान उनके पिता का नाम लिया था। इसी आधार पर गोविंद अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, जब उन्होंने संबंधित आरोपियों से इस बारे में जानकारी ली तो उन्होंने पूछताछ में उनके पिता का नाम लेने से इनकार किया।
पंकज अग्रवाल ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता की मौत शुक्रवार रात हो गई थी, लेकिन परिवार को इसकी सूचना शनिवार सुबह करीब 5 बजे दी गई। उन्होंने दावा किया कि यह पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी बालाघाट पुलिस उनके पिता के खिलाफ फर्जी प्रकरण दर्ज कर चुकी है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पूरी जानकारी लेने के बाद ही दे पाएंगे जवाब- एसडीओपी
मामले में दूरभाष पर चर्चा के दौरान एसडीओपी अभिषेक गौतम ने गोविंद अग्रवाल की गिरफ्तारी की पुष्टि की। हालांकि, गिरफ्तारी के आधार और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद ही कुछ बता पाएंगे।
ये भी पढ़ें: डोडा में चार घंटे में भूकंप के तीन झटके, 3.8 रही सबसे ज्यादा तीव्रता
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार-जेलर
जेलर सहलाम ने बताया कि गोविंद अग्रवाल 2 नवंबर को जेल में दाखिल हुए थे और उस समय से ही बीमार चल रहे थे। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 8 नवंबर को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद से उनका उपचार अस्पताल में ही चल रहा था। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे उनकी मौत हो गई। जेलर के अनुसार, फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मजिस्ट्रियल मौजूदगी में होने वाली पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद मामले में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

