मैड्रिड: स्पेन में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। राजधानी मैड्रिड से सेविले जाने वाले रेलवे मार्ग पर दो हाई-स्पीड ट्रेनें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर के बाद ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
खड़ी ट्रेन से टकराई दूसरी हाई-स्पीड ट्रेन
यह हादसा स्पेन के टोलेडो प्रांत में उर्दा कस्बे के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मैड्रिड से सेविले की ओर जा रही एक हाई-स्पीड ट्रेन ने उसी दिशा में खड़ी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में स्पेन की सरकारी रेल कंपनी रेनफे (Renfe) और निजी रेल कंपनी इरयो (Iryo) की ट्रेनें शामिल थीं। टक्कर इतनी तेज थी कि इरयो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर नीचे ढलान की ओर जा गिरे।
दोनों ट्रेनों में सवार थे 544 यात्री
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, हादसे के समय रेनफे ट्रेन में 397 और इरयो ट्रेन में 147 यात्री सवार थे। इस तरह दोनों ट्रेनों में कुल 544 लोग यात्रा कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल हेलीकॉप्टर की मदद ली गई।
मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच रेल सेवाएं बंद
हादसे के बाद स्पेन के रेलवे नेटवर्क संचालक ADIF ने मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच हाई-स्पीड रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
इसका असर मैड्रिड, सियुदाद रियाल और दक्षिणी स्पेन की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ा है। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोकने का फैसला लिया है।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने रेल हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों की मदद और राहत कार्यों पर नजर रखने की बात कही है।
प्रधानमंत्री ने अपने निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित यात्रियों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: उज्जैन में मावा फैक्ट्रियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 3 दुकानों के सैंपल भोपाल भेजे
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एक ट्रेन के खड़े होने के बावजूद दूसरी ट्रेन उससे कैसे टकरा गई। रेलवे अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
इससे पहले जनवरी 2026 में भी स्पेन में एक बड़ा रेल हादसा हुआ था, जिसमें 40 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। अब एक बार फिर हुए इस हादसे ने देश की हाई-स्पीड रेल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

