Thursday, November 5, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम, दो शिफ्ट में...

बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम, दो शिफ्ट में तैनात रहेगी ‘लेडी सिंघम’ की टीम

शहडोल: त्योहारों की भीड़ में महिलाओं के गहने और पर्स पर नजर रखने वाले शातिर चोरों पर अब पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कोतवाली पुलिस की महिला ब्रिगेड बाजारों में पैदल गश्त कर संदिग्धों पर नजर रखेगी। सुरक्षा के लिए सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक दो शिफ्ट में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

ज्वेलरी, कपड़े और बर्तनों की दुकानों सहित भीड़भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाएगी। पुलिस की इस पहल का मकसद त्योहारों के दौरान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना है।

सुरक्षा का मोर्चा महिला पुलिसकर्मियों ने संभाला

धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के बीच महिलाओं की सुरक्षा का मोर्चा अब महिला पुलिसकर्मियों ने संभाल लिया है। कोतवाली पुलिस ने बाजार में महिला ब्रिगेड उतारकर सुरक्षा का ऐसा पहरा शुरू किया है, जिसकी नजर भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी। त्योहारी बाजार में सोने चांदी के आभूषणों से सजी दुकानें हों या कपड़े और बर्तन की दुकानें, हर तरफ खरीदारों की भीड़ उमड़ती है। इसी भीड़ में धक्का मुक्की का फायदा उठाकर मंगलसूत्र, सोने की चेन और पर्स पर हाथ साफ करने वाले सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस ने सामान्य गश्त से आगे बढ़ते हुए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैयार की है, जो बाजार में पैदल घूमकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।

दो शिफ्टों में होगी तैनाती

कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित इस ब्रिगेड में चार महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक पुलिस अधिकारी या विवेचक की तैनाती की गई है। टीम की पहली शिफ्ट सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरी शिफ्ट शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी। बाजार में भीड़ अधिक रहने पर गश्त जारी रखी जाएगी,  कोतवाली से दल को रवाना कर इस व्यवस्था की शुरुआत की गई।

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले भाजपा में मंथन, नितिन नवीन ने महासचिवों के साथ बनाई रणनीति

घटनाओं पर अंकुश लगाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य

पुलिस की रणनीति सिर्फ गश्त तक सीमित नहीं है। बाजार में भीड़ और सुरक्षा की जरूरत का आकलन करते हुए दो अतिरिक्त दल गठित करने की भी तैयारी है। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की जाएगी। थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा के मुताबिक, त्योहारों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन