इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में योग, स्वास्थ्य संवर्धन और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्यस्तरीय लक्ष्य मंथन योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। योग आयोग के संरक्षण और मार्गदर्शन में होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी इंदौर करेगा।
आयोजन से जुड़ी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए लक्ष्य पर्यावरण एवं वाटर सॉल्यूशन वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद नन्दवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की नई योग प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और योगासन खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला क्वालिफाइंग चरण 30 अगस्त और दूसरा क्वालिफाइंग चरण 6 सितंबर को विजय नगर क्षेत्र स्थित सेंट अर्नोल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, स्कीम-74 में आयोजित होगा।
ये भी पढ़े उज्जैन में छात्राओं ने सैनिक भाइयों के लिए बनाई राखियां, पत्रों में लिखे देशभक्ति से भरे संदेश
इन दोनों चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी फाइनल राउंड के लिए चयनित होंगे। प्रतियोगिता का फाइनल 12 सितंबर को इंदौर के बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।
दो आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में स्कूल, योग कॉलेज, मान्यता प्राप्त संस्थानों के विद्यार्थी और स्वतंत्र साधक भी हिस्सा ले सकेंगे। मुख्य प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। इसमें 8 से 14 वर्ष और 14 से 20 वर्ष के बालक-बालिका वर्ग शामिल हैं।
इसके अलावा 20 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी दो विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें एकल योगासन प्रदर्शन के साथ-साथ दो प्रतिभागियों की जोड़ी बनाकर संगीत की धुन पर योग प्रस्तुति देने का विकल्प भी रहेगा।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के जज करेंगे मूल्यांकन
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और उच्च स्तरीय बनाने के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी निर्णायकों का पैनल बनाया गया है। प्रतिभागियों का मूल्यांकन आसनों की शुद्धता, शारीरिक संतुलन, लचीलेपन और निर्धारित नियमों के पालन के आधार पर किया जाएगा।
आयोजन समिति के मुताबिक पूरी प्रतियोगिता खेल नियमों, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति में ये सदस्य शामिल
आयोजन की तैयारियों में समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. हेमंत शर्मा, अनिल अग्रवाल, रौनक सोनी, प्रेम दुआ, मनोज वर्मा और चंद्रशेखर तिवारी सहित अन्य सदस्य भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के जरिए प्रदेश के युवा खिलाड़ियों और योग साधकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

