मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में काफी समय बाद आज, मंगलवार को शानदार तेजी देखने को मिल रही है। वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों और घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII के भरोसे से बाजार हरे निशान पर खुला।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 350 अंक की बढ़त के साथ 72,750 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, निफ्टी में भी करीब 100 अंकों की तेजी देखने को मिली।
बैंकिंग और मेटल शेयरों में ज्यादा खरीददारी
सेक्टर की बात करें तो बैंकिंग और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है। बाजार में आई इस तेजी से निवेशकों के बीच भी सकारात्मक माहौल बना हुआ है।अब नजर इस बात पर है कि कारोबार के दौरान बाजार इस बढ़त को कितना कायम रख पाता है।
बढ़त के साथ खुला सेंसेक्स और निफ्टी
आज सुबह बाजार खुलते ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का मुख्य सूचकांक सेंसेक्स 125.58 अंक यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72,508.05 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 50 भी 47.50 अंक यानी 0.21 प्रतिशत मजबूत होकर 22,603.25 पर ओपन हुआ। बाजार की इस शुरुआती बढ़त से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ था।
प्राइवेट बैंकों में दिखी तेजी
आज के कारोबार में सबसे ज्यादा चमक प्राइवेट बैंकिंग सेक्टर में देखने को मिल रही है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स सुबह-सुबह 0.75 फीसदी तक उछल गया। दिग्गजों की बात करें तो कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में करीब 2.93 प्रतिशत की सबसे बड़ी तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा एक्सिस बैंक और देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में भी जमकर खरीदारी हो रही है। मेटल, एनर्जी, सीमेंट और केमिकल सेक्टर भी आज मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, ऑटो, हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर में आज मामूली गिरावट देखी जा रही है। निफ्टी ऑटो करीब 0.4 प्रतिशत नीचे गिरकर ट्रेड कर रहा है।