उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में सोमवार शाम वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की गंभीर घटना सामने आई। ट्रेन जैसे ही गदा पुलिया के पास रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव इतना तेज था कि ट्रेन के पांच कोचों की खिड़कियों के कांच टूट गए। अचानक हुए हमले से ट्रेन में बैठे यात्रियों में भी दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन उज्जैन रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर थी, तभी यह घटना हुई। तेज आवाज के साथ कांच टूटने लगे तो यात्री घबरा गए और कई लोग अपनी सीट छोड़कर सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और रेलवे अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने के बाद प्रभावित कोचों का निरीक्षण किया गया और यात्रियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे प्रशासन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वालों को जल्द चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

