श्रीनगर: बेमिना स्थित शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS) मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। कॉलेज प्रशासन ने मामले में शामिल पांच MBBS छात्रों और इंटर्न को एक सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही सभी पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
कॉलेज के प्रिंसिपल की ओर से जारी आदेश में रैगिंग की घटना को UGC के एंटी-रैगिंग नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया है। यह कार्रवाई संस्थान की एंटी-रैगिंग कमेटी की सिफारिश के बाद की गई।
इन पांच छात्रों और इंटर्न पर कार्रवाई
कार्रवाई में 2023 बैच के शुभम वर्मा और सुनील वर्मा, 2024 बैच के सहदेव और 2021 बैच के इंटर्न रूपल सुंटल और लविश शर्मा शामिल हैं।
इन सभी को एक सप्ताह के लिए क्लास, एकेडमिक गतिविधियों और इंटर्नशिप से सस्पेंड किया गया है। साथ ही प्रत्येक को 10 हजार रुपये का जुर्माना तय अकाउंट में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
आदेश जारी होने के पांच दिनों के अंदर जुर्माना जमा करने की पेमेंट स्लिप एकेडमिक सेक्शन में देनी होगी।
माता-पिता को भी बुलाया गया
मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने पांचों छात्रों और इंटर्न के माता-पिता या अभिभावकों को भी बुलाया है। उन्हें अपने बच्चों के साथ एंटी-रैगिंग कमेटी के सामने पेश होने के निर्देश दिए गए हैं, जहां आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई पर फैसला लिया जा सकता है।
सस्पेंशन की अवधि के दौरान संबंधित इंटर्न का स्टाइपेंड भी रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
कॉलेज प्रशासन ने साफ किया है कि आदेश का पालन नहीं करने पर UGC के एंटी-रैगिंग नियमों और संस्थान के नियमों के तहत आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।

