डिंडौरी। जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जबलपुर संभाग की खाद्य सुरक्षा फ्लाइंग स्क्वॉड ने औचक निरीक्षण करते हुए दो प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गंभीर लापरवाहियां सामने आने के बाद संबंधित रेस्टोरेंट्स का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया गया।
निरीक्षण में उजागर हुईं चौंकाने वाली खामियां
फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने सात्विक भोग रेस्टोरेंट और यम्स कप कैफे का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि दोनों जगहों पर अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार किया जा रहा था। रसोई का फर्श और दीवारें जर्जर, गंदी और टूट-फूट की हालत में थीं, जिससे संक्रमण का खतरा बना हुआ था।
एक्सपायरी खाद्य सामग्री और अवैध भंडारण
जांच के दौरान मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी बरामद की गई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों का भंडारण तय मानकों के विपरीत पाया गया। कई सामग्री खुले में और बिना लेबल के रखी हुई थी, जो सीधे तौर पर खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इतना ही नहीं, टॉयलेट परिसर में बर्तन धोने जैसी गंभीर लापरवाही भी उजागर हुई, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक माना गया।

लाइसेंस निलंबन, आगे की कार्रवाई के संकेत
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दोनों प्रतिष्ठानों का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुधारात्मक कदम उठाने और मानकों का पालन होने तक इन प्रतिष्ठानों को संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले में ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार किए जाएंगे। तो वहीं विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


