इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में गुरुवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर के 24 ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली और शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
राजवाड़ा पर बांटी ‘लोन वाली शक्कर’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजवाड़ा पर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए लोगों को ‘लोन वाली शक्कर’ और पनीर बांटा। रोबोट चौराहे समेत अन्य स्थानों पर भी शक्कर बांटकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
यह भी पढ़े: नेपाल में फंसे MP के लोगों के लिए कंट्रोल रूम शुरू, सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले त्योहारों के दौरान शक्कर की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के बजट पर पड़ेगा।
पेट्रोल, एथेनॉल और बिजली दरों पर भी निशाना
कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, बिजली की बढ़ी दरों और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का आरोप है कि एथेनॉल मिश्रण से वाहनों का माइलेज प्रभावित हो रहा है, जिससे वाहन चालकों का खर्च बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और ‘महंगाई डायन खाए जात है’ गीत गाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं के हाथों में कांग्रेस के झंडे, पोस्टर और बैनर थे। इनमें ‘महंगाई मुक्त भारत’ और ‘मोदी तेरा कैसा खेल, सारा शक्कर पी गया तेल’ जैसे नारे लिखे थे।
सरकार की सद्बुद्धि के लिए किया यज्ञ
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान मंदिर में सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ भी किया। पार्टी नेताओं ने महंगाई पर नियंत्रण और जरूरी वस्तुओं के दाम कम करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। पार्षद राजू भदौरिया ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को आम जनता और मजदूर वर्ग की महंगाई से जुड़ी परेशानी समझनी चाहिए।
शहर के कई इलाकों में प्रदर्शन
इंदौर में चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा, स्कीम नंबर 51, एरोड्रम, मंगल नगर, परदेशीपुरा, स्कीम नंबर 54, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78, छावनी, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजवाड़ा, माणिकबाग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर, मुसाखेड़ी, सिलिकॉन सिटी और तेजाजी नगर समेत कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

