रतलाम: मप्र जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चन्द गुप्ता ने सर्किल जेल रतलाम का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिल रही सुविधाओं और जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के साथ बंदियों की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने जेल के मुख्य द्वार की सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। इसके बाद जेल अस्पताल और नशामुक्ति वार्ड का निरीक्षण कर बीमार बंदियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने जेल चिकित्सक से उपचार व्यवस्था और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ अस्पताल में रखी दवाओं का भी निरीक्षण किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मुलाकात व्यवस्था देखी
मुकेश चन्द गुप्ता ने बंदियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यायालयीन पेशी की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने बंदियों के लिए संचालित इनकमिंग टेलीफोन बूथ और मुलाकात सुविधा के संबंध में जानकारी ली।
जेल स्कूल और लाइब्रेरी का निरीक्षण
प्रमुख सचिव ने जेल स्कूल और लाइब्रेरी का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध शैक्षणिक एवं पठन-पाठन सुविधाओं की जानकारी ली। जेल लाइब्रेरी में उपलब्ध धार्मिक पुस्तकों का अवलोकन करते हुए उन्होंने इस व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की।
यह भी पढ़े: फारुख की मदद से 5 साल बाद बिराजे बप्पा, हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बना गणेश पंडाल
पुरुष और महिला वार्ड में बंदियों से संवाद
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुरुष बंदी वार्ड और महिला वार्ड का भ्रमण किया तथा बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के अंत में प्रमुख सचिव ने सर्किल जेल रतलाम में विराजित श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

