Sunday, November 8, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsगाजियाबाद के होटल में युवती की संदिग्ध मौत

गाजियाबाद के होटल में युवती की संदिग्ध मौत

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक होटल के कमरे में 18 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना विजयनगर थाना क्षेत्र के भूड़ रेलवे रोड स्थित अंश होटल की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार युवती गुरुवार दोपहर एक युवक के साथ होटल में ठहरने पहुंची थी। दोनों ने होटल में एक कमरा लिया था। देर रात करीब 10:30 बजे होटल कर्मचारियों ने कमरे में युवती के फंदे से लटके होने की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने तोड़कर खोला। इसके बाद युवती को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटना के समय युवती के साथ मौजूद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) उपासना पाण्डेय ने बताया, होटल कर्मचारी द्वारा सूचना दी गई थी कि एक युवती ने होटल के कमरे में आत्महत्या कर ली है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन