सागर: जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। ग्राम खेजरा बरखेड़ा के सिमरिया नांदिया में 20 वर्षीय नवविवाहिता ज्योति का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसका पति और सास मजदूरी के लिए खेत पर गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर लौटे पति ने देखा फंदे पर लटका शव
पुलिस के अनुसार, गांव के लोगों ने महिला के पति नीरज चढ़ार को फोन कर घर बुलाया। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी को फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस और मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली भेजा।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, ज्योति की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद इस घटना ने दोनों परिवारों को सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें-
MP राज्यसभा चुनाव मामला पहुंचा हाईकोर्ट : BJP के 3 सांसदों को नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला ?
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज में पति के लिए चेन या अंगूठी लाने का दबाव बना रहा था। उनका यह भी कहना है कि ज्योति को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और उसे फोन पर भी खुलकर बात नहीं करने दी जाती थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

