Saturday, September 19, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsराखी की थाली सजी रही, बहन नहीं लौटी: नेपाल त्रासदी के बीच...

राखी की थाली सजी रही, बहन नहीं लौटी: नेपाल त्रासदी के बीच कैलाश यात्रा पर गई विदिशा की स्वाती लापता

विदिशा: रक्षाबंधन का त्योहार, राखी की सजी थाली और बहन के लौटने का इंतजार… विदिशा के एक परिवार के लिए इस बार त्योहार खुशियों की जगह चिंता लेकर आया। शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. केसी बागरेचा की बेटी स्वाती बागरेचा कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान लापता हो गई हैं। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद से उनका परिवार से संपर्क टूट गया है।

ईशा फाउंडेशन के ग्रुप के साथ यात्रा पर गई थीं स्वाती

स्वाती बागरेचा पिछले कई वर्षों से कनाडा में रह रही हैं। कुछ समय पहले वह भारत आई थीं। उन्होंने अपनी बेटी को विदिशा में परिजनों के पास छोड़ा और कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि वह ईशा फाउंडेशन के एक समूह के साथ करीब 10 से 15 दिन पहले यात्रा के लिए निकली थीं।

यात्रा के दौरान स्वाती परिवार के लगातार संपर्क में थीं। वह फोन पर परिजनों को यात्रा के बारे में जानकारी देती थीं और सब कुछ ठीक होने की बात बताती थीं। परिवार को उम्मीद थी कि यात्रा पूरी करने के बाद वह सकुशल घर लौट आएंगी।

नेपाल में हालात बिगड़े तो अचानक टूट गया संपर्क

नेपाल में प्राकृतिक आपदा और भारी तबाही की खबरें सामने आने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी दौरान स्वाती से संपर्क टूट गया। परिजन लगातार उनके मोबाइल फोन पर कॉल कर रहे हैं। फोन पर रिंग तो जा रही है, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा।

परिवार अब प्रशासन और ईशा फाउंडेशन के यात्रा समूह से संपर्क कर स्वाती की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

रक्षाबंधन पर घर में पसरा सन्नाटा

स्वाती के परिवार के लिए रक्षाबंधन का दिन बेहद भावुक रहा। घर में त्योहार की तैयारियां तो थीं, लेकिन स्वाती के नहीं होने से खुशियों की जगह चिंता छाई रही। परिवार को हर पल उम्मीद है कि मोबाइल की घंटी बजेगी और दूसरी तरफ से स्वाती की आवाज सुनाई देगी।

परिजनों का कहना है कि हर बार फोन मिलाते समय उन्हें उम्मीद होती है कि शायद इस बार स्वाती जवाब देंगी। लेकिन फोन उठाए बिना कट जाने या लगातार रिंग होने से उनकी बेचैनी और बढ़ जाती है।

शहर के लोग भी कर रहे सलामती की प्रार्थना

डॉ. केसी बागरेचा का परिवार विदिशा में जाना-पहचाना है। स्वाती के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद शहर के लोग भी परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।

फिलहाल परिवार की निगाहें नेपाल से आने वाली हर खबर पर टिकी हैं। परिजनों को उम्मीद है कि रेस्क्यू अभियान के बीच जल्द ही स्वाती के बारे में कोई जानकारी मिलेगी और वह सुरक्षित वापस लौटेंगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन