Asian Games 2026: भारतीय क्रिकेट टीम की नजर मेडल पर है। इस बीच सवाल उठ रहा है कि अगर मेडल सेरेमनी में मोहसिन नकवी को जिम्मेदारी दी गई तो भारतीय टीम का रुख क्या होगा? BCCI ने फिलहाल इस पर इंतजार करने की बात कही है।
जापान के नागोया में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार, 19 सितंबर को इसकी ओपनिंग सेरेमनी हुई, जिसमें भारत की ओर से मनु भाकर और पवन सहरावत ध्वजवाहक बने। इस मेगा स्पोर्ट्स इवेंट में भारतीय क्रिकेट टीम भी हिस्सा ले रही है।
क्रिकेट मुकाबलों के बीच अब मेडल सेरेमनी को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। इसकी वजह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं। सवाल उठ रहा है कि अगर भारतीय टीम मेडल जीतती है और उसे देने की जिम्मेदारी नकवी को मिलती है तो टीम इंडिया क्या करेगी।
मेडल सेरेमनी में आ सकते हैं नकवी
रिपोर्ट के मुताबिक, ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी के पास मेडल देने की जिम्मेदारी किसी दूसरे अधिकृत सदस्य को सौंपने का अधिकार है। ऐसे में मोहसिन नकवी को भी यह जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है।
अगर नकवी को OCA की ओर से आधिकारिक रूप से मेडल देने की जिम्मेदारी मिलती है, तो खिलाड़ियों से निर्धारित मेडल सेरेमनी की प्रक्रिया का पालन करने की अपेक्षा होगी।
BCCI ने क्या कहा?
इस मामले पर BCCI ने फिलहाल कोई अंतिम फैसला नहीं बताया है। बोर्ड के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया के मुताबिक, भारतीय टीम और बोर्ड का पूरा ध्यान अभी मैचों पर है।
उन्होंने कहा कि टीम को पहले पोडियम तक पहुंचना होगा। अगर ऐसी स्थिति आती है तो उस समय मौजूद परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया जाएगा। BCCI अभी ऐसी स्थिति पर टिप्पणी नहीं करना चाहता, जो फिलहाल सामने ही नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: IND vs AFG: 30 गेंदों में अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक, अफगानिस्तान के खिलाफ 108 रन से बनाया बड़ा रिकॉर्ड
OCA के नियम क्या कहते हैं?
OCA के संविधान और नियमों के Article 66 में जीत और मेडल समारोह की प्रक्रिया का जिक्र है। इसके मुताबिक, विजेताओं को मेडल देने की जिम्मेदारी OCA President की होती है। हालांकि, वह यह जिम्मेदारी OCA के किसी अन्य सदस्य को भी सौंप सकते हैं।
नियमों में यह भी कहा गया है कि Victory Ceremony के दौरान किसी तरह के Commercial, Political, Religious या Racial Propaganda की अनुमति नहीं होगी।

