विजय सेवा न्यास के माध्यम से बेसहारा बच्चों और परिवारों के जीवन में लौटी मुस्कान
बैतूल। किसी परिवार के मुखिया का असमय निधन केवल एक व्यक्ति की मृत्यु नहीं होती, बल्कि उसके साथ कई सपने, कई उम्मीदें और पूरे परिवार का भविष्य संकट में पड़ जाता है। ऐसे कठिन समय में यदि कोई हाथ थामने वाला मिल जाए तो टूटता हुआ परिवार फिर से खड़ा हो सकता है। बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा विजय सेवा न्यास के माध्यम से शुरू किया गया “बेसहारा को सहारा” प्रकल्प ऐसे ही परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आया है। अपने पूज्य पिताजी पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल के सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों से प्रेरित होकर स्थापित विजय सेवा न्यास आज उन परिवारों के जीवन में उजाला ला रहा है, जिनके घरों से कमाने वाला सदस्य हमेशा के लिए बिछड़ चुका है।
59 बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी
विजय सेवा न्यास द्वारा वर्ष 2025 में 41 बेसहारा बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाई गई थी। यह संख्या वर्ष 2026 में बढ़कर 59 हो गई है। इन बच्चों की स्कूल फीस, शैक्षणिक सामग्री, आर्थिक सहायता और उनके परिवारों के पुनर्वास तक की चिंता की जा रही है।
हेमंत खंडेलवाल का मानना है कि किसी बच्चे की पढ़ाई केवल इसलिए नहीं रुकनी चाहिए क्योंकि उसके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। इसी सोच के साथ निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की फीस न्यास द्वारा जमा की जा रही है, जबकि शासकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में पढ़ने वाले बच्चों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
हेमंत भैया नहीं होते तो बच्चों की पढ़ाई छूट जाती
बैतूल नगर की शास्त्री वार्ड निवासी ममता नानकर की आंखें आज भी नम हो जाती हैं, जब वे अपने संघर्ष के दिनों को याद करती हैं। कोरोना काल में पति के निधन के बाद दो छोटे बच्चों के साथ जीवन उनके लिए कठिन हो गया था।
ममता बताती हैं कि पति के जाने के बाद सबसे बड़ी चिंता बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की थी। तभी हेमंत खंडेलवाल ने परिवार का सहारा बनकर बच्चों का निजी विद्यालय में प्रवेश कराया और उनकी फीस की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली।
इंदिरा वार्ड निवासी बबीता देशमुख के लिए भी जीवन का सबसे कठिन समय वह था, जब उनके पति का अचानक निधन हो गया। परिवार की सारी जिम्मेदारी एक झटके में उनके कंधों पर आ गई।बबीता बताती हैं कि बच्चों की पढ़ाई और परिवार के खर्च को लेकर वे पूरी तरह निराश हो चुकी थीं। तभी हेमंत खंडेलवाल स्वयं उनके घर पहुंचे और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
दोनों बच्चों का उनके आर डी पब्लिक स्कूल में प्रवेश कराया गया, उनकी फीस की व्यवस्था की गई और बाद में बैतूल नगर पालिका में रोजगार उपलब्ध करवाया।बबीता के मुताबिक आज मैं अपने बच्चों का पालन-पोषण सम्मान के साथ कर पा रही हूं। यदि उस समय सहायता नहीं मिलती तो शायद बच्चों की पढ़ाई जारी रखना संभव नहीं होता। हेमंत भैया ने हमें जीने का नया हौसला दिया है।

