नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा में बुधवार को तकनीकी समस्या सामने आई। एयरलाइन की वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कुछ यात्रियों को फ्लाइट का शेड्यूल और किराया दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते नई बुकिंग के साथ-साथ वेब चेक-इन और बोर्डिंग पास डाउनलोड करने में भी परेशानी की शिकायतें सामने आई हैं।
नई बुकिंग और वेब चेक-इन में दिक्कत
तकनीकी समस्या के चलते यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- नई बुकिंग प्रभावित: वेबसाइट पर फ्लाइट का शेड्यूल और किराया नहीं दिखने के कारण कुछ यात्रियों को टिकट बुक करने में परेशानी हो रही है।
- वेब चेक-इन में समस्या: आज और कल की फ्लाइट से यात्रा करने वाले कुछ यात्री वेब चेक-इन नहीं कर पा रहे हैं और बोर्डिंग पास डाउनलोड करने में भी दिक्कत आ रही है।
- एयरपोर्ट पर बढ़ी भीड़: डिजिटल सेवाओं में परेशानी के चलते कुछ एयरपोर्ट काउंटरों पर मैनुअल चेकिंग और अन्य प्रक्रियाओं के कारण यात्रियों की कतारें बढ़ने की बात सामने आई है।
इंडिगो ने जारी की सर्विस एडवाइजरी
इंडिगो ने तकनीकी समस्या को लेकर सर्विस एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन के मुताबिक, उसके मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में रुक-रुककर तकनीकी समस्या आ रही है, जिससे कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।
एयरलाइन ने बताया कि उसकी टेक्निकल टीमें टेक्नोलॉजी पार्टनर्स के साथ मिलकर समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए काम कर रही हैं।
यात्रियों को कुछ समय बाद वेबसाइट और ऐप इस्तेमाल करने की सलाह
इंडिगो ने उन यात्रियों से, जिनकी यात्रा तत्काल नहीं है, कुछ समय बाद वेबसाइट या ऐप दोबारा इस्तेमाल करने की अपील की है। वहीं, जिन यात्रियों को तुरंत यात्रा से जुड़ी सहायता की जरूरत है, उन्हें एयरलाइन के कॉन्टैक्ट सेंटर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
हजारों यात्रियों पर असर पड़ने की संभावना
इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है और घरेलू एविएशन मार्केट में इसकी हिस्सेदारी 60% से अधिक है। एयरलाइन रोजाना बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन करती है।
ऐसे में रिजर्वेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के चलते देशभर में बड़ी संख्या में यात्रियों की बुकिंग और यात्रा संबंधी सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। फिलहाल एयरलाइन की टेक्निकल टीमें सिस्टम को सामान्य करने में जुटी हैं।

