भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कभी जिगरी दोस्त रहे युवकों ने ही 22 वर्षीय निखिल सितोले की हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, निखिल ने अपने पुराने दोस्तों के आपराधिक गतिविधियों से दूरी बना ली थी और उनके गलत कामों का विरोध करने लगा था। यही विरोध धीरे-धीरे गहरी रंजिश में बदल गया और आखिरकार उसकी जान ले ली गई।
घर के बाहर घात लगाकर हमला
सूत्रों के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब निखिल अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी 5 आरोपी वहां पहुंचे और उस पर चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने 10 से ज्यादा वार किए। हमला इतना क्रूर था कि निखिल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वर्चस्व की लड़ाई बना कारण
बता दें पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड सिर्फ व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं, बल्कि इलाके में दबदबा कायम करने की लड़ाई का हिस्सा भी था। आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए थे। इसके बावजूद उन्होंने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस का एक्शन मोड
वहीं कोलार थाना पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि इस हत्या के पीछे के सभी कारण सामने आ सकें।


