उज्जैन। मध्य प्रदेश का धार्मिक शहर उज्जैन इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ जानवर भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में उज्जैन पुलिस ने एक अलग ही उदाहरण पेश किया है, यहां पुलिस लाइन में घोड़ों और डॉग स्क्वाड के लिए खास कूलिंग अरेंजमेंट किए गए हैं।
कूलर, स्प्रिंकलर और AC ट्रांसपोर्ट
बता दें देवास रोड स्थित पुलिस लाइन में तैनात 14 घोड़े और 4 डॉग्स के लिए हाई-लेवल केयर सिस्टम एक्टिव किया गया है। जिसमें कूलर और पंखों के साथ स्प्रिंकलर सिस्टम, ठंडे पानी से फ्लोर कूलिंग और डॉग स्क्वाड के लिए AC गाड़ियों में मूवमेंट की व्यवस्था की गई है। खासतौर पर महाकालेश्वर मंदिर और रेलवे स्टेशन की ड्यूटी के लिए डॉग्स को केवल एयर-कंडीशंड व्हीकल्स में भेजा जा रहा है।
इसी के साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए जानवरों के खान-पान में भी बड़ा बदलाव किया गया है। जिसमें घोड़ों के लिए गुड़, छाछ, हरी घास, चापड़ा (न्यूट्रिशनल फीड) और ठंडे पानी के फव्वारे लगाए गए है। वहीं डॉग्स के लिए मीट पूरी तरह बंद कर सिर्फ दूध और हल्का आहार रखा गया है। यह बदलाव हीट स्ट्रेस से बचाने के लिए किया गया है।
पुलिस लाइन में 12 सदस्यों की एक स्पेशल टीम तैनात की गई है, जो नियमित मेडिकल चेकअप, साफ-सफाई, हाइजीन दवाइयों और हाइड्रेशन का ध्यान रखने के साथ सब कुछ रियल-टाइम में मॉनिटर कर रही है।
उज्जैन पुलिस का यह कदम सिर्फ एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक मैसेज है- सुरक्षा के साथ संवेदनशीलता भी जरूरी है। यह पहल दिखाती है कि अब प्रशासन सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं, बल्कि जानवरों की भलाई को भी प्राथमिकता दे रहा है।


