Saturday, November 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsBJP के नए प्रभारी-सह प्रभारी पहली बार भोपाल पहुंचे, आज शाम कोर...

BJP के नए प्रभारी-सह प्रभारी पहली बार भोपाल पहुंचे, आज शाम कोर ग्रुप की बैठक

भोपाल: मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा बुधवार को पहली बार भोपाल पहुंचे। संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेताओं का यह पहला मध्यप्रदेश दौरा है। दो दिवसीय दौरे में वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बूथ कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

भोपाल पहुंचने के बाद बिप्लब कुमार देब ने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन किए। इस दौरान रेखा वर्मा और भोपाल सांसद आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।

शाम को भाजपा कोर ग्रुप की बैठक

बिप्लब देब शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम को प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें रेखा वर्मा भी शामिल होंगी। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों और आगामी गतिविधियों पर चर्चा होगी।

सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर जोर

भोपाल पहुंचने पर बिप्लब देब ने कहा कि वे रेखा वर्मा के साथ मिलकर प्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता रहेगी।

देब ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना उनका लक्ष्य रहेगा। उन्होंने गुफा मंदिर में दर्शन के बाद हनुमानजी का उल्लेख करते हुए सेवा और समर्पण की भावना के साथ काम करने की बात कही।

रेखा वर्मा बोलीं- संगठन को नीचे तक मजबूत करेंगे

सह प्रभारी रेखा वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर वह पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करती हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं और आगे भी इसी समन्वय के साथ काम किया जाएगा।

बूथ कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे देब

बिप्लब देब के कार्यक्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद को भी शामिल किया गया है। वे दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-32 के बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के शास्त्री नगर स्थित घर पर भोजन करेंगे। इसके बाद बूथ अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के घर चाय का कार्यक्रम है।

देब पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी उनके निवास पर मुलाकात करेंगे।

यह भी पढ़ें: Business Registration: बिजनेस शुरू करने से पहले कर लें ये 2 रजिस्ट्रेशन, लोन और सरकारी योजनाओं का मिलेगा फायदा

1 अक्टूबर को पदाधिकारियों के साथ बैठक

बिप्लब देब और रेखा वर्मा 1 अक्टूबर को भी भोपाल में रहेंगे। सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। इसमें संगठन के कामकाज और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी भोपाल पहुंच चुके हैं। वे भी बुधवार शाम होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

1 to 7 November 2026
25 to 31 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन