Sunday, July 26, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending news6 दिन बाद फिर गूंजा 'जय माता दी' का जयकारा

6 दिन बाद फिर गूंजा ‘जय माता दी’ का जयकारा

जम्मू: छह दिनों तक खराब मौसम, लगातार बारिश, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड के खतरे के कारण बंद रही श्री माता वैष्णो देवी यात्रा आखिरकार शनिवार से दोबारा शुरू हो गई। यात्रा बहाल होते ही कटरा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। RFID पंजीकरण केंद्रों पर सुबह से लंबी कतारें देखने को मिलीं और 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए अनिवार्य RFID कार्ड बनवाए। ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हुए। पिछले कई दिनों से कटरा में रुके भक्तों के चेहरों पर यात्रा शुरू होने के साथ ही खुशी साफ नजर आई।

मौसम में सुधार के बाद प्रशासन ने दी हरी झंडी

बता दें पिछले छह दिनों से लगातार हो रही बारिश, पहाड़ों से पत्थर गिरने और भूस्खलन की आशंका के चलते प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यात्रा स्थगित कर दी थी। शनिवार सुबह मौसम की समीक्षा के बाद यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अनुमति दे दी गई। श्राइन बोर्ड, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त समीक्षा के बाद यात्रा बहाल करने का फैसला लिया गया।

कटरा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जानकारी अनुसार, यात्रा शुरू होने की खबर मिलते ही कटरा के RFID पंजीकरण केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालु घंटों लाइन में लगकर अपना रजिस्ट्रेशन कराते नजर आए। प्रशासन के मुताबिक केवल पहले दिन ही 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। पूरे क्षेत्र में भक्तों के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को पहले से और मजबूत किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF और अन्य सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पूरे ट्रैक पर CCTV कैमरों और कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक मौसम अपडेट पर भरोसा करें और यात्रा के दौरान जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि मौसम में अचानक बदलाव होता है तो आवश्यकतानुसार सुरक्षा संबंधी निर्णय लिए जाएंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना के आधार पर ही यात्रा करें।

वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू होने से जम्मू-कटरा क्षेत्र के पर्यटन और स्थानीय कारोबार को भी बड़ी राहत मिली है। होटल, टैक्सी, दुकानदार और अन्य व्यवसायियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियां पूरी तरह सामान्य हो जाएंगी।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal – 19 to 25 july 2026
Bhopal – 12 to 18 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन