Tuesday, November 10, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsआपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, कांग्रेस आज संविधान बचाने का...

आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, कांग्रेस आज संविधान बचाने का ढोंग कर रही है

संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम में बोले पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा

रीवा। देश में लगाए गए आपातकाल के 51 वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था, जिसने कांग्रेस की तानाशाही मानसिकता को उजागर किया। उनके अनुसार कांग्रेस ने हमेशा स्वयं को संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर माना और सत्ता को बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने से भी परहेज नहीं किया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि भारतीय आपातकाल केवल इतिहास की एक घटना नहीं, बल्कि लोकतंत्र के लिए एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 जून 1975 को सत्ता बचाने के लिए संविधान की आत्मा को कुचल दिया गया, नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए और लोकतंत्र को बंधक बना दिया गया। विपक्षी नेताओं, लोकतंत्र समर्थकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद किया गया, जबकि प्रेस की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए गए।

पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंटा और विरोध की हर आवाज को दबाने का प्रयास किया, वही आज संविधान बचाने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता यह नहीं भूली है कि लोकतंत्र और संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस के शासनकाल में ही पैदा हुआ था।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल आपातकाल ही नहीं लगाया, बल्कि संविधान की मूल भावना से भी छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। डॉ. मिश्रा के अनुसार तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में कई संवैधानिक संशोधन किए गए, जिनका प्रभाव लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों पर पड़ा।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि आपातकाल को हमेशा याद रखा जाना चाहिए, क्योंकि जब सत्ता अहंकार में बदल जाती है तो संविधान, न्यायपालिका, मीडिया और नागरिक अधिकार सबसे पहले निशाने पर आते हैं। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले नेताओं, पत्रकारों और कार्यकर्ताओं को नमन करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल की सच्चाई से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी सरकार लोकतंत्र और संविधान के साथ ऐसा खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आपातकाल का काला अध्याय देश को हमेशा यह याद दिलाता रहेगा कि लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए निरंतर जागरूकता ही सबसे बड़ी ताकत है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन