भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष श्री मुकेश नायक ने भोपाल में जारी सीलिंग की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में आज व्यापारी और आम रहवासी जिस संकट का सामना कर रहे हैं वह अचानक पैदा नहीं हुआ है बल्कि पिछले 21 वर्षों से मास्टर प्लान लागू न किए जाने और सरकार की स्पष्ट शहरी एवं आवासीय नीति के अभाव का परिणाम है।
लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट
नायक ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद भोपाल के विभिन्न रिहायशी क्षेत्रों में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। भोपाल के कई क्षेत्रों में व्यापारियों के कारोबार प्रभावित हुए हैं। वर्षों से दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
कारोबारियों की पूरी आजीविका प्रभावित
उन्होंने कहा कि किसी दुकान पर ताला लगाना केवल एक प्रतिष्ठान को बंद करना नहीं है, बल्कि उससे जुड़े व्यापारी, कर्मचारी, परिवार और छोटे कारोबारियों की पूरी आजीविका प्रभावित होती है। सरकार को यह बताना चाहिए कि जिन लोगों ने वर्षों तक कारोबार किया, वे अचानक अपराधी कैसे हो गए?
21 साल तक मास्टर प्लान क्यों नहीं बनाया ?
नायक ने कहा कि दूसरी ओर रहवासी भी पार्किंग, ट्रैफिक, शोर, जल निकासी और सुरक्षा जैसी समस्याओं से परेशान हैं। सरकार की अस्पष्ट नीति ने व्यापारी और रहवासी दोनों को परेशानी में डाल दिया है। सरकार बताए 21साल तक मास्टर प्लान क्यों नहीं बनाया और अब अचानक सीलिंग क्यों की जा रही है

