अमेरिका। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने अब पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान के टकराव के बीच दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य पर संकट गहराता जा रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि इस जलमार्ग को सुरक्षित रखने के लिए अमेरिका के साथ कई देश अपनी नौसेना के युद्धपोत भेजेंगे। ट्रंप के मुताबिक, वैश्विक तेल सप्लाई को सुरक्षित रखना अब पूरी दुनिया की प्राथमिकता बन चुका है।
दुनिया की तेल सप्लाई की लाइफलाइन है होर्मुज स्ट्रेट
बता दें फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ने वाला होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा व्यापार का सबसे संवेदनशील रास्ता माना जाता है। दुनिया के कुल कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से एशिया, यूरोप और अमेरिका तक पहुंचता है। ऐसे में अगर इस रास्ते पर कोई खतरा पैदा होता है, तो उसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
ट्रंप बोले—अमेरिका का साथ कई देश
वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि- कई देश, जो इस समुद्री मार्ग पर निर्भर हैं, वे अमेरिका के साथ मिलकर अपने वॉरशिप भेजने की तैयारी कर रहे हैं। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन जैसे देश इस मिशन में शामिल हो सकते हैं। उनका कहना है कि यदि ईरान इस मार्ग को बाधित करने की कोशिश करता है, तो अंतरराष्ट्रीय गठबंधन तुरंत कार्रवाई करेगा।
साथ ही ट्रंप ने अपने बयान में ईरान पर आरोप लगाते हुए कहा कि- वह ड्रोन, समुद्री माइन और छोटी दूरी की मिसाइलों के जरिए इस समुद्री मार्ग को अस्थिर करने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना पहले ही ईरान की सैन्य क्षमता को काफी हद तक कमजोर कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
खार्ग द्वीप पर अमेरिकी हमला
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि अमेरिकी सेना ने हाल ही में ईरान के अहम तेल निर्यात केंद्र खर्ग द्वीप के पास स्थित सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर बमबारी की है। ट्रंप के मुताबिक, इस ऑपरेशन में सैन्य ठिकानों को पूरी तरह निशाना बनाया गया, लेकिन तेल से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को जानबूझकर नुकसान नहीं पहुंचाया गया ताकि वैश्विक ऊर्जा बाजार पर बड़ा असर न पड़े।
क्यों अहम है खार्ग द्वीप
जानकारी के मुताबिक, खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। फारस की खाड़ी में स्थित यह द्वीप ईरान के कच्चे तेल के निर्यात का मुख्य केंद्र माना जाता है। यहां से हर दिन बड़ी मात्रा में तेल दुनिया के कई देशों को भेजा जाता है।

