राजस्थान में चांदी की सनक बनी जानलेवा, लूट के लिए हत्याएं और अमानवीय वारदातें

शेयर करे

जयपुर। देशभर में जहां चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव निवेशकों और खरीदारों की चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं राजस्थान में यही चांदी अपराधियों के लिए हिंसा का कारण बनती जा रही है। चोर अब सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि चांदी पाने की लालच में लोगों की निर्मम हत्या तक कर रहे हैं।

चांदी के लिए पैर काटे, गला रेत दिया

चांदी की लूट को लेकर राज्य के अलग-अलग जिलों से सामने आई घटनाएं रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं। कई मामलों में अपराधियों ने पीड़ित महिलाओं के पैर काटकर उनके चांदी के कड़े लूट लिए और फिर बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना 1: जटवाड़ा गांव (13 मार्च 2025)

सबसे पहले सुरवाल थाना क्षेत्र के जटवाड़ा गांव में 60 वर्षीय महिला रमापति पर हमला किया गया। आरोपियों ने महिला के पैर काटकर करीब डेढ़ किलो चांदी के कड़े और गले के सोने के आभूषण लूट लिए। इसके बाद महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

घटना 2: जाहिरा गांव (20 अप्रैल 2025)

बामनवास थाना क्षेत्र के जाहिरा गांव में 50 वर्षीय उर्मिला देवी की इसी तरह हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले पैर काटे, फिर चांदी के कड़े लूटे और गला रेत दिया। इस हत्याकांड के आरोपी अब तक फरार हैं।

घटना 3: सितोड़ गांव (9 अक्टूबर 2025)

आरोपियों ने मजदूरी का झांसा देकर कमला देवी रैगर को बुलाया और उनके पैर काटकर चांदी के कड़े लूट लिए। हालांकि, इस वारदात में महिला की जान बच गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 4: कोडयाई गांव (3 फरवरी 2026)

बौंली थाना क्षेत्र के कोडयाई गांव में महिला कमला देवी के साथ भी इसी तरह की बर्बरता की गई। चोरों ने पैर काटकर चांदी के कड़े और सोने के गहने लूट लिए और महिला की गला रेतकर हत्या कर दी।

घटना 5: भीलवाड़ा में बुजुर्ग महिला को खाट सहित उठाया

अभी ताजा घटना अरवाड़ क्षेत्र के कोठिया गांव में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की है।जो पूर्व सरपंच रह चुकी हैं, से चांदी लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर चोर उन्हें खाट सहित उठा ले गए और करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।

बढ़ती कीमतें, बढ़ता अपराध

भारतीय बाजार में चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी के ऊंचे दाम और आसान नकदी में बदलने की सुविधा अपराधियों को आकर्षित कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने कीमती आभूषणों को सुरक्षित स्थान पर रखें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *