बालाघाट:प्रदेश शासन के राज्य कर विभाग द्वारा कर चोरी एवं कर संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नागरिकों से जागरूकता के साथ ऐसी गतिविधियों की सूचना विभाग को उपलब्ध कराने की अपील की गई है।विभाग द्वारा जारी अपील के अनुसार, यदि कोई पंजीयत करदाता 500 से अधिक की बिक्री नियमित रूप से बिना बिल के करता है, कोई कम्पोजीशन करदाता बिक्री बिल पर GST वसूल करता है अथवा कोई अपंजीयत व्यवसायी निर्धारित टर्नओवर सीमा से अधिक कारोबार करता है, तो इसकी सूचना राज्य कर विभाग को दी जा सकती है।
इसी प्रकार बिना वैध दस्तावेज अथवा ई-वे बिल के माल का परिवहन, भुगतान प्राप्त करने के लिए एक से अधिक नामों के QR कोड का उपयोग तथा ग्राहकों को पक्का बिल जारी नहीं करना जैसी कर संबंधी अनियमितताओं की जानकारी भी विभाग को उपलब्ध कराई जा सकती है।
MPTAX पोर्टल पर उपलब्ध है सूचना मॉड्यूल
राज्य कर विभाग के पोर्टल MPTAX.MP.GOV.IN पर Information Module सक्रिय है। नागरिक पोर्टल पर लॉगिन कर कर चोरी अथवा कर संबंधी अनियमितताओं की सूचना उपलब्ध साक्ष्यों एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ विभाग को भेज सकते हैं।
कर चोरी की सूचना दें राष्ट्र निर्माण में योगदान दें
संयुक्त आयुक्त, राज्य कर विभाग, श्रीमती सुनीता वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि कर चोरी एवं कर संबंधी अनियमितताओं की जानकारी होने पर उसे साक्ष्य सहित विभाग के संज्ञान में लाएं। नागरिकों की जागरूकता एवं सहभागिता से कर अपवंचन पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ राजस्व संग्रह में वृद्धि होगी तथा प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

