सूरज ने मार्च में ही दिखाए जून जैसे तेवर, उत्तर भारत में बढ़ा तापमान

नई दिल्ली। सूरज की तपिश ने मार्च माह में ही जून जैसी गर्मी का एहसास करा दिया। देश के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही तेज धूप और गर्मी ने संकेत दिया है कि आने वाले दिन और कठिन हो सकते हैं। आलम यह है कि उत्तर भारत के कई बड़े शहरों में मौसम ने अचानक गर्म तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिनभर तेज धूप देखने को मिल रही है। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है।
राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर क्षेत्र में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नोएडा में पारा 32 डिग्री, गुरुग्राम में 30, आगरा में 33 और लखनऊ-कानपुर में 34 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। इधर प्रयागराज, भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस की संभावना जताई गई है।
सुबह से ही चिलचिलाती धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। खासकर मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी का भीषण असर अधिक दिख रहा है। हालांकि रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में तापमान 35 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि मध्य प्रदेश के कुछ शहरों में यह 38 डिग्री तक जा सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *