नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार की सुबह धमकियों के साये में शुरू हुई। धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल को सुबह 7 बजे मिले एक ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए। इस ईमेल में दावा किया गया था कि सुबह 9ः11 बजे दिल्ली विधानसभा, ऐतिहासिक लाल किला और दो प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ा दिया जाएगा।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने मोर्चा संभाल लिया। आर्मी पब्लिक स्कूल और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को तुरंत खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस इसे किसी की शरारत या ’हॉक्स कॉल’ मान रही है।
साजिश या शरारत? जांच में जुटी साइबर सेल
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के स्कूलों को धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 9 फरवरी को भी 10 स्कूलों को ऐसे ही ईमेल मिले थे। पुलिस की साइबर टीम अब इन ईमेल के ’आईपी एड्रेस’ को ट्रेस कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन धमकियों के पीछे किसी आतंकी संगठन का हाथ है या यह केवल दहशत फैलाने की कोई कोशिश है। फिलहाल पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
राजधानी में विधानसभा, लाल किला और स्कूलों को उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप
RELATED ARTICLES

