बालाघाट: जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में तालाब किनारे मिली 56 वर्षीय महिला की हत्या और लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में ग्राम जामरापानी निवासी 21 वर्षीय आरोपी रूपेश मरकाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोने के आभूषण लूटने के इरादे से महिला के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।
बालाघाट पुलिस द्वारा 28 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस की चार टीमों ने करीब 20 दिनों तक तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई। आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, वारदात में प्रयुक्त डंडा, घटना के समय पहने गए कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
तालाब किनारे मिला था महिला का शव
8 अक्टूबर 2026 को ग्राम हीरापुर में तालाब किनारे एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान खेलनबाई पति मूलचंद तुरकर, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम हीरापुर के रूप में की। महिला के सिर पर गंभीर चोटें थीं।
मृतका के पति मूलचंद तुरकर ने बताया कि वह सुबह 11 बजे भैंस चराने निकला था। उसकी पत्नी भैंस खरीदने के शेष रुपये देने सावरी जाने वाली थी। दोपहर 1 से 1:30 बजे के बीच वह तालाब किनारे रेलवे पटरी के पास पहुंची थी। शाम 5:30 बजे गांव के आकाश उर्फ राहुल तुरकर ने फोन पर पत्नी की मौत की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर महिला के गले से मंगलसूत्र और दाहिने कान का सोने का टॉप्स गायब मिला। पति की रिपोर्ट पर तिरोड़ी थाने में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत BNS की धारा 103(1) और 311 में प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव से करीब 100 फीट दूर खून से सना लकड़ी का डंडा मिला। पुलिस ने आसपास के किसानों, ग्रामीणों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल कॉल डिटेल का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान पता चला कि मॉयल तिरोड़ी खदान के ब्लास्टर विभाग में कार्यरत रूपेश मरकाम घटना के बाद से काम पर नहीं आ रहा है। उसके मोबाइल की लोकेशन और गतिविधियों की जांच करने पर शक गहराया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया।
पत्नी की डिलीवरी के खर्च के लिए की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी पत्नी की डिलीवरी तुमसर के निजी अस्पताल में हुई थी। 6-7 दिन अस्पताल में रहने से उसे पैसों की सख्त जरूरत थी।
8 अक्टूबर को वह अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल से मॉयल तिरोड़ी खदान में ब्लास्टिंग का काम करने आया था। दोपहर करीब 1 बजे उसने तालाब के पास भैंस चरा रही महिला के गले में सोने का मंगलसूत्र और कानों में टॉप्स देखा। लालच में आकर वह कुछ देर तक महिला पर नजर रखता रहा। जब महिला तालाब की ओर मुंह करके बैठी थी, तब उसने पास की फेंसिंग से लकड़ी का मोटा डंडा निकालकर पीछे से सिर पर 6-7 वार कर दिए। मौत के बाद उसने मंगलसूत्र और टॉप्स लूट लिया और डंडा झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: मोबाइल PLI योजना से सरकार को ₹25 हजार करोड़ का प्रत्यक्ष कर, करीब 12 लाख लोगों को मिला रोजगार
सामान जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी रूपेश मरकाम (21), निवासी जामरापानी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर सोने का मंगलसूत्र, खून से सना डंडा, घटना के समय पहने कपड़े और HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक MP50 MQ 8850 जब्त की है। पुलिस ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया है और आगे वैधानिक कार्रवाई जारी है।

