कर्नाटक: कन्नड़ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में दर्शकों ने टिकट बुक किए हैं। शुरुआती आंकड़े फिल्म की शानदार ओपनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एडवांस बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय में फिल्म के करीब 2.6 लाख टिकट बिक चुके हैं। ब्लॉक की गई सीटों को शामिल करने पर फिल्म की एडवांस बुकिंग से कुल कमाई करीब 19.44 करोड़ रुपये तक पहुंचने की बात सामने आई है।
पहले दिन की बुकिंग से 11.74 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन
‘टॉक्सिक’ ने भारत में पहले दिन की एडवांस बुकिंग से करीब 11.74 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भाषा के हिसाब से देखें तो फिल्म के कन्नड़ वर्जन की बुकिंग सबसे मजबूत बनी हुई है। कन्नड़ वर्जन ने करीब 7.72 करोड़ रुपये, जबकि हिंदी वर्जन ने लगभग 3.86 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। बाकी कमाई तमिल, तेलुगु और मलयालम वर्जन से हुई है।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा क्रेज
‘टॉक्सिक’ को लेकर यश के होम स्टेट कर्नाटक में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है। कर्नाटक के बाद महाराष्ट्र फिल्म का बड़ा मार्केट बनकर सामने आया है। ब्लॉक सीटों को मिलाकर महाराष्ट्र में एडवांस बुकिंग से करीब 1.81 करोड़ रुपये की कमाई बताई जा रही है। वहीं, दिल्ली तीसरे स्थान पर है, जहां फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 1.19 करोड़ रुपये बताया गया है।
26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी।
फिल्म में यश एक्शन अवतार में दिखाई देंगे। रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग को मिल रहे रिस्पॉन्स को देखते हुए अब दर्शकों की नजर फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन पर है।

