भोपाल: जिले में दशहरा पर्व को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंगलवार, 20 अक्टूबर को रावण दहन और श्री रामविजय रथ यात्रा के चलते शहर के कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। नगरीय यातायात पुलिस के मुताबिक, दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। वहीं, शाम 5 बजे के बाद जरूरत के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।
शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन होगा
शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन होगा, जबकि 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाला जाएगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी जरूर लें, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।
भारी वाहनों की आवाजाही इन स्थानों से रहेगी बंद
20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
छोला मैदान जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते
भानपुर चौराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर केवल उन्हीं हल्के और दोपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन्हें रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होना है।
नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे।
विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली नादरा बस स्टैंड और पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें भानपुर चौराहे या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। शाम 6 बजे के बाद इन बसों को दोनों बस स्टैंड की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पथ संचलन का असर
दशहरा पर्व पर शहर में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: दशहरे पर बारिश का साया, इंदौर-उज्जैन समेत 14 जिलों में आंधी का अलर्ट
इन 18 मैदानों पर होगा रावण दहन
बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विट्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। इन मैदानों की ओर जाने वाले रास्तों पर जरूरत के मुताबिक यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लें और निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता

