मुरैना:पुरा गांव में कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहीं तीन महिलाओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दर्शन के बाद घर लौट रही थीं महिलाएं
हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर घिरोना हनुमान मंदिर के पास देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार पुरा गांव की रहने वाली तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने और पूजा-अर्चना के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान दिल्ली की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे बनी कुछ दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मच गया। त्योहार के मौके पर हुई इस घटना से हरफूल के पुरा गांव में शोक का माहौल है।
ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी मौके से हटाया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

