वॉशिंगटन। अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बेहद गर्मजोशी भरा बयान दिया। वीडियो कॉल के जरिए कार्यक्रम में जुड़े ट्रम्प ने कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी के ‘बहुत बड़े फैन’ हैं और भारत-अमेरिका के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं।
ट्रम्प ने कहा कि भारत अब अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है और जरूरत पड़ने पर अमेरिका हमेशा भारत के साथ खड़ा रहेगा। उनके इस बयान को केवल राजनीतिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि एक बड़े कूटनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी पर बढ़ी हलचल
वहीं ट्रम्प का बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील, टैरिफ और टेक्नोलॉजी सहयोग को लेकर अहम बातचीत चल रही है। हाल के महीनों में अमेरिका ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाए थे, लेकिन फरवरी 2026 में कई सेक्टरों में टैरिफ घटाकर 18% किए गए।
दोनों देशों के बीच सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिफेंस टेक्नोलॉजी, ऊर्जा और स्पेस सेक्टर में तेजी से साझेदारी बढ़ रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी संकेत दिए हैं कि भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता जल्द साइन हो सकता है।
मोदी महान हैं… ट्रम्प की स्पीच ने बटोरी सुर्खियां
जानकारी अनुसार,कार्यक्रम के दौरान ट्रम्प ने कहा ‘मुझे भारत से प्यार है। प्रधानमंत्री मोदी महान हैं, वे मेरे दोस्त हैं। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।’ उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
QUAD, इंडो-पैसिफिक और सुरक्षा एजेंडा पर फोकस
सूत्रों के मुताबिक, 26 मई को होने वाली QUAD विदेश मंत्रियों की बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, चीन की बढ़ती गतिविधियों और समुद्री रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी अब नई दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर साथ काम कर रहे हैं।
अमेरिकी राजदूत ने भी दिए बड़े संकेत
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प जब भी उनसे बात करते हैं, पीएम मोदी का जिक्र जरूर करते हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत-अमेरिका निवेश और व्यापार सहयोग अब रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। राजदूत के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने इस वर्ष अमेरिका में 20.5 अरब डॉलर के निवेश को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।
ट्रम्प पहले भी कर चुके हैं मोदी की खुलकर तारीफ
- 2019 के ‘Howdy Modi’ कार्यक्रम में ट्रम्प ने मोदी को भारत का सबसे सम्मानित नेता बताया था।
- 2020 के ‘Namaste Trump’ कार्यक्रम में उन्होंने मोदी को ‘टफ नेगोशिएटर’ कहा था।
- 2024 अमेरिकी चुनाव प्रचार के दौरान भी ट्रम्प ने कहा था कि मोदी उनके सबसे करीबी वैश्विक नेताओं में शामिल हैं।

