Sunday, November 15, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsरामगढ़ सीमेंट फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट, 3 इंजीनियरों की मौत, एक मजदूर...

रामगढ़ सीमेंट फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट, 3 इंजीनियरों की मौत, एक मजदूर गंभीर

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान अचानक टरबाइन में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद पावर प्लांट में भीषण आग फैल गई। हादसे में तीन इंजीनियरों की झुलसने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।

यूनिट इंचार्ज ने हादसे के पीछे ओवरहीटिंग को वजह बताया है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री में लंबे समय से एसी लगाने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने इस पर ध्यान नहीं दिया।

तीन इंजीनियरों ने गंवाई जान

हादसे में रांची निवासी संजीव कुमार केसरी (50), बोकारो निवासी जगेश्वर और बिहार निवासी विनीत महतो (25) तथा गढ़वा निवासी अभिषेक पांडेय (24) की मौत हो गई। वहीं घायल मजदूर तरुण रजवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू

ब्लास्ट की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे। रामगढ़ से चार से पांच दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद फैक्ट्री के पावर प्लांट में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद देर रात तक फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मुआवजा और नौकरी की मांग पर जुटे ग्रामीण

शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए। उन्होंने मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। ग्रामीणों में फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है और वे गेट जाम करने की तैयारी में हैं।

तीनों मृतकों के शव फैक्ट्री के पास लाए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन