Tuesday, November 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअनूपपुर में दो बाइकों की टक्कर, मासूम समेत तीन की मौत; तीन...

अनूपपुर में दो बाइकों की टक्कर, मासूम समेत तीन की मौत; तीन गंभीर घायल

अनूपपुर: मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मंगलवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार साल का मासूम भी शामिल है। हादसे में एक बच्चे समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस मिलने में करीब तीन घंटे की देरी हो गई।

परिवार के साथ लौट रहे थे खुमान सिंह

हादसा कोतमा थाना क्षेत्र के खोडरी गांव में जर्राटोला पंचायत के आरोग्यधाम अस्पताल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, बिजुरी थाना क्षेत्र के छतई गांव निवासी खुमान सिंह (34) अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे।

इसी दौरान निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हीरा सिंह और अंतराज सिंह गोंड़ की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में खुमान सिंह, उनके चार वर्षीय बेटे ऋषि सिंह और दूसरी बाइक पर सवार हीरा सिंह गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में खुमान सिंह की पत्नी ज्योति, सात वर्षीय बेटा रितिक और दूसरी बाइक पर सवार अंतराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, ढाई वर्षीय बच्चा अंश सुरक्षित है।

तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां दोपहर करीब एक बजे उनका उपचार शुरू हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर कर दिया, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब तीन घंटे लग गए।

इस दौरान घायल ज्योति, उनके बेटे रितिक और अंतराज को अस्पताल में ही इंतजार करना पड़ा। शाम करीब चार बजे एंबुलेंस पहुंचने के बाद पुलिस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।

ये भी पढ़ें: 21 नवंबर को विदिशा आएंगे राज्यपाल मंगूभाई पटेल, वरिष्ठजनों को करेंगे संबोधित; ब्रह्माकुमारी केंद्र में तैयारियां तेज

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीओपी आरती शाक्य और कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसपी अंकित सोनी के मुताबिक, सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि तीनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर होने के कारण वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन