Saturday, October 31, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsलंदन से भारत लौटी MBA की छात्रा की पुणे में मौत, परिवार...

लंदन से भारत लौटी MBA की छात्रा की पुणे में मौत, परिवार को बिना बताए आई थी वापस; कमरे में मिली लाश

महाराष्ट्र: पुणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। MBA की पढ़ाई के लिए लंदन गई 34 वर्षीय युवती का शव पुणे के एक किराए के फ्लैट में मिला। हैरानी की बात यह है कि युवती कई महीने पहले ही ब्रिटेन से भारत लौट आई थी, लेकिन उसने इसकी जानकारी अपने परिवार को नहीं दी थी। परिवार को लंबे समय तक यही लगता रहा कि वह लंदन में रहकर पढ़ाई कर रही है।

मृतका की पहचान छत्रपति संभाजीनगर निवासी मुग्धा अविनाश देशमुख के रूप में हुई है। गुरुवार को पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो रेसिडेंशियल कॉम्प्लेक्स के एक फ्लैट से उनका शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

जुलाई 2025 में MBA करने गई थीं लंदन

जानकारी के मुताबिक, मुग्धा जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई करने के लिए यूनाइटेड किंगडम गई थीं। हालांकि, वह इसी साल अगस्त के आखिर में भारत लौट आईं और पुणे में रहने लगीं। उन्होंने अपने भारत लौटने की बात परिवार से छिपाकर रखी थी। उनके माता-पिता को लगातार यही जानकारी थी कि बेटी लंदन में है।

फोन बंद होने पर परिवार ने शुरू की तलाश

24 अक्टूबर को जब परिवार की मुग्धा से बातचीत नहीं हो पाई और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला, तो पिता अविनाश देशमुख को चिंता हुई। उन्होंने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक दोस्त से संपर्क किया। दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को हुई थी।

इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं। इस जानकारी के बाद परिवार ने भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से मदद मांगी।

बैंक ट्रांजैक्शन से मिला भारत में होने का सुराग

मुग्धा के पिता ने जब उनके बैंक खाते की जानकारी खंगाली तो 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म से कई ट्रांजैक्शन मिले। इनमें एक ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके का भी था।

इन लेनदेन से परिवार को शक हुआ कि मुग्धा भारत लौट चुकी हैं। इसके बाद छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच ने बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य जानकारियों के आधार पर उनकी लोकेशन तलाशनी शुरू की। जांच में उनकी लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में मिली।

यह भी पढ़ें: नाशिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले का आगाज, राष्ट्रपति मुर्मू ने किया ध्वजारोहण

बंद फ्लैट का ताला तोड़ा तो अंदर मिला शव

सूचना मिलने के बाद पिंपरी-चिंचवड़ की शिरगांव पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा बंद था, जिसके बाद ताला खोलने वाले व्यक्ति की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर मुग्धा का शव मिला।

पुलिस के मुताबिक, मुग्धा ने अप्रैल में ही यह फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन भारत लौटने के बाद अगस्त में यहां रहना शुरू किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमॉर्टम और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन