भोपाल के बिलखिरिया में चाचा की हत्या, पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाई गुत्थी

शेयर करे

भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र  में हुए चाचा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र 6 घंटे में खुलासा कर दिया है। बता दें घटना 8 दिसंबर की है, जब अमझेरा मंडी के पीछे खेत में एक युवक का शव मिला था। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान मृतक के भतीजे के बयान बार-बार बदल रहे थे, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ। वैज्ञानिक तरीकों से जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आखिरकार हत्या की गुत्थी सुलझा ली।

जानें पूरा मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी आनंद गिरि (26) और उसके चाचा के बीच शराब पीने के दौरान पैग बनाने को लेकर बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी घर जाकर सामान्य व्यक्ति की तरह सो गया और सुबह होते ही लोगों में यह झूठ फैलाना शुरू कर दिया कि अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। लेकिन पुलिस पूछताछ में उसके विरोधाभासी बयान और घटनास्थल के वैज्ञानिक साक्ष्य ने उसकी झूठी कहानी को उजागर कर दिया               बिलखिरिया पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।