वॉशिंगटन/तेहरान: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। करीब एक महीने बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के लारक द्वीप पर कार्रवाई की है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस ऑपरेशन में दो रॉकेट लॉन्चर्स को निशाना बनाया गया। लारक द्वीप रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित है।
अमेरिका का कहना है कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। अमेरिकी के अनुसार, ईरानी बल इन लॉन्चर्स का इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट में रॉकेट और समुद्री बारूदी सुरंगें पहुंचाने के लिए कर सकते थे। अमेरिका ने अपनी कार्रवाई को सीमित और सुरक्षा से जुड़ा कदम बताया है। वहीं ईरान ने अमेरिकी हमले में सैनिकों और आम नागरिकों के मारे जाने का दावा किया है। ईरान के मुताबिक, हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की सटीक संख्या तत्काल सामने नहीं आई।
ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना
लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक, जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। ईरानी मीडिया ने बताया कि किंग हुसैन और अल-अज्राक एयरबेस को निशाना बनाया गया। ईरान का दावा है कि वहां मौजूद तकनीकी ढांचे और लड़ाकू विमानों से जुड़े क्षेत्रों को निशाना बनाया गया।
हालांकि, जॉर्डन की सेना के अनुसार उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली आठ मिसाइलों को रोक दिया। शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या लोगों के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
होर्मुज स्ट्रेट क्यों है इतना महत्वपूर्ण?
लारक द्वीप होर्मुज स्ट्रेट के बेहद करीब है। यह समुद्री रास्ता फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दुनिया के तेल और गैस कारोबार का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है। ऐसे में यहां सैन्य तनाव बढ़ने या जहाजों की आवाजाही बाधित होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
अमेरिका और ईरान के बीच ताजा सैन्य गतिविधियों ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर तेल टैंकरों और दूसरे व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है|
यह भी पढ़े : कनाडा में बोले मोहन भागवत-जरूरतमंदों की मदद भारत की परंपरा, महाशक्ति नहीं चरित्र से बना विश्वगुरु
क्या बढ़ सकता है अमेरिका-ईरान का तनाव
लारक द्वीप पर अमेरिकी हमला और उसके बाद जॉर्डन में ईरानी मिसाइल कार्रवाई ने दोनों देशों के बीच तनाव को फिर बढ़ा दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह टकराव सीमित कार्रवाई तक रहेगा या आने वाले दिनों में इसका दायरा और बढ़ेगा।
होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम रहेगी। अगर यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो इसका असर सिर्फ मध्य-पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक तेल बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है।

