मुंबई। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और निर्माता जीवी नारायण राव का 73 साल की उम्र में निधन हो गया। बताया गया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने करीबी दोस्त के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी।
नारायण राव का अंतिम संस्कार 28 अगस्त को हैदराबाद के वैकुंठ महाप्रस्थानम श्मशान घाट में किया जाना है। अभिनेत्री कराटे कल्याणी ने उनके निधन की पुष्टि की थी।
करीब पांच दशक तक सिनेमा में रहे सक्रिय
जीवी नारायण राव ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1976 में के. बालचंदर की फिल्म ‘अंथुलेनी कथा’ से की थी। करीब पांच दशक लंबे करियर में उन्होंने लगभग 100 फिल्मों में काम किया। लीड एक्टर के तौर पर उनकी चर्चित फिल्मों में ‘ओका ऊरी कथा’, ‘ऊरुकिचिना माता’ और ‘मंचु पल्लाकी’ शामिल रहीं।
चिरंजीवी और रजनीकांत जैसे सितारों के साथ किया काम
नारायण राव ने अपने करियर में साउथ सिनेमा के कई बड़े सितारों के साथ काम किया। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘चिलकम्मा चेप्पिंडी’, ‘मुथ्याला पल्लाकी’, ‘गैंग लीडर’ और ‘हिटलर’ शामिल हैं। वे चिरंजीवी और रजनीकांत के समकालीन रहे और दोनों के साथ उनका लंबा जुड़ाव रहा।
प्रोड्यूसर के तौर पर भी बनाई अलग पहचान
अभिनय के अलावा नारायण राव ने फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने ‘चेत्तानिकी कल्लू लेवु’, ‘देवान्थकुडु’ और ‘यमुदिकी मोगुडु’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। टेलीविजन की दुनिया में भी वे सक्रिय रहे और ‘पासुपु कुमकुमा’ तथा ‘सुंदरकांडा’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आए।
चिरंजीवी ने याद की पुरानी दोस्ती
जीवी नारायण राव के निधन के बाद चिरंजीवी ने अपने पुराने दोस्त को याद करते हुए गहरा दुख जताया। उन्होंने दोनों के लंबे साथ और फिल्मी सफर से जुड़ी यादों को याद करते हुए नारायण राव के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

