सिवनी /नितिन तिवन: सिवनी जिले के छपारा विकासखंड के ग्राम ताखला में बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की विद्युत सप्लाई को दोबारा भाजीपानी सबस्टेशन से जोड़ने की मांग की है।
मामलो को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि पहले ग्राम ताखला की विद्युत आपूर्ति भाजीपानी सबस्टेशन से होती थी, लेकिन करीब दो माह पहले इसे भीमगढ़ कॉलोनी सबस्टेशन से जोड़ दिया गया। इसके बाद से गांव में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या बढ़ गई है, जिससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और घरेलू कार्यों के साथ-साथ किसानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि पहले भाजीपानी सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बेहतर और सुचारु थी।
फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं, ताकि गांव में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल हो सके।

