नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को एक खास डिजिटल सौगात दी है। राष्ट्रपति भवन आने वाले पर्यटकों के लिए बहुभाषी ई-ऑडियो गाइड लॉन्च की गई है, जिससे अब आगंतुक अपनी पसंदीदा भाषा में राष्ट्रपति भवन का इतिहास, विरासत और उससे जुड़ी रोचक जानकारियां सुन सकेंगे।
अब 16 भाषाओं में मिलेगा राष्ट्रपति भवन का अनुभव
नई ऐप आधारित ई-ऑडियो गाइड हिंदी और अंग्रेज़ी के अलावा भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 14 अन्य भारतीय भाषाओं में भी उपलब्ध है। इससे देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से आने वाले पर्यटक अपनी भाषा में राष्ट्रपति भवन का डिजिटल गाइडेड टूर कर सकेंगे।

दिव्यांगजनों के लिए भी खास सुविधा
इस ई-ऑडियो गाइड में सांकेतिक भाषा (Sign Language) का विकल्प भी जोड़ा गया है, जिससे श्रवण बाधित आगंतुक भी राष्ट्रपति भवन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को आसानी से समझ सकेंगे। यह पहल राष्ट्रपति भवन को अधिक समावेशी और सभी के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डिजिटल तकनीक से बदलेगा विजिटिंग एक्सपीरियंस
नई डिजिटल गाइड के जरिए आगंतुक राष्ट्रपति भवन की वास्तुकला, ऐतिहासिक महत्व, प्रमुख कक्षों, संग्रहों और विरासत से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी अपने मोबाइल पर ही प्राप्त कर सकेंगे। इससे राष्ट्रपति भवन का भ्रमण पहले से कहीं अधिक आसान, इंटरैक्टिव और यादगार बन जाएगा।
राष्ट्रपति भवन की यह नई पहल ‘डिजिटल इंडिया’, भाषाई विविधता और समावेशी पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

