नई दिल्ली: पेपर लीक और परीक्षा में अनुचित साधनों पर रोक लगाने से जुड़े ‘पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन विधेयक, 2026’ पर लोकसभा में आज लगातार दूसरे दिन चर्चा जारी रहेगी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह इस विधेयक पर विचार और इसे पारित कराने का प्रस्ताव सदन में रखेंगे।
राहुल गांधी दोपहर 12:30 बजे रख सकते हैं अपनी बात
विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस विधेयक पर दोपहर करीब 12:30 बजे अपनी राय रख सकते हैं। मंगलवार को इस बिल पर लोकसभा में दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक करीब 9 घंटे तक चर्चा हुई थी।
आज हो सकती है बिल पर वोटिंग
पेपर लीक से जुड़े इस संशोधन विधेयक पर आज लोकसभा में वोटिंग होने की संभावना है। लोकसभा से पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए राज्यसभा में पेश किया जाएगा।
सरकार का दावा- परीक्षा में धांधली रोकना मकसद
यह संशोधन विधेयक साल 2024 में बने कानून में बदलाव का प्रस्ताव रखता है। सरकार का कहना है कि, इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में होने वाली धांधली, नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
लोकसभा में आज पेश होंगे ये विधेयक
पेपर लीक बिल के अलावा लोकसभा में कई अन्य विधायी कार्य भी होंगे।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे।
- केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने से जुड़े संशोधन विधेयक को पेश करेंगे।
इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों से जुड़े दस्तावेज भी सदन में रखे जाएंगे। लोकसभा की कार्यवाही आज भी कई महत्वपूर्ण विधेयकों और राजनीतिक बहसों के साथ हंगामेदार रहने की संभावना है।
वहीं दूसरी तरफ,संसद के बाहर बुधवार सुबह समाजवादी पार्टी के सांसदों ने दानपेटी लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने राम मंदिर में चंदा चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
प्रदर्शन में शामिल सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि, जो सरकार दानपेटी की सुरक्षा नहीं कर सकी, वह देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा कैसे करेगी। उन्होंने चंदा चोरी मामले को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रियंका गांधी ने प्रह्लाद जोशी वाले बयान पर दी सफाई
वहीं, संसद परिसर में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर दिए गए अपने बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल सच बोला है और अगर सच बोलने की सजा मिलेगी, तब भी वह सच बोलती रहेंगी। दरअसल, प्रियंका गांधी ने मंगलवार को संसद में आरोप लगाया था कि प्रह्लाद जोशी ने बिलकिस बानो मामले में दोषियों की रिहाई पर खुशी जताई थी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद बढ़ गया था।
संसद परिसर में दोनों मुद्दों को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से इन आरोपों पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।

