बालाघाट: शहर के अग्रणी पीजी कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को पिछले करीब डेढ़ साल से छात्रवृत्ति नहीं मिलने का मामला सामने आया है। छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नाराज लॉ विद्यार्थियों ने शुक्रवार को कॉलेज के प्रवेश द्वार को सांकेतिक रूप से बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने जल्द छात्रवृत्ति दिलाने और फीस जमा करने में राहत देने की मांग की।
लॉ प्रथम वर्ष के छात्र आशुतोष ने बताया कि छात्रवृत्ति के पात्र अधिकांश विद्यार्थी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। पिछले डेढ़ साल से छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में लॉ द्वितीय वर्ष की करीब 15 हजार रुपये फीस जमा करनी है, लेकिन छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण कई विद्यार्थी यह राशि जमा करने की स्थिति में नहीं हैं।
विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी छात्रवृत्ति नहीं मिलती, तब तक वे फीस जमा नहीं करेंगे। छात्रों के अनुसार, इस संबंध में प्राध्यापकों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि छात्रवृत्ति आने तक फीस जमा नहीं करने पर विद्यार्थियों को परेशानी नहीं होगी। इस आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
छात्र ऋषभ सहारे ने आरोप लगाया कि लॉ विद्यार्थियों को लंबे समय से छात्रवृत्ति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति की वेबसाइट पर कॉलेज से संबंधित जानकारी में ‘चिल्ड्रन यूनिवर्सिटी’ प्रदर्शित हो रही है, जिससे छात्रवृत्ति प्रक्रिया प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। विद्यार्थियों का आरोप है कि महाविद्यालय प्राचार्य और संबंधित आयुक्त को समस्या की जानकारी दिए जाने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
ऋषभ सहारे ने चेतावनी दी कि यदि आगामी 10 दिनों में लॉ विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति जारी नहीं होती है, तो वे कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेंगे। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन और संबंधित विभाग से छात्रवृत्ति की तकनीकी समस्या को तत्काल दूर कर पात्र छात्रों की लंबित राशि जारी करने की मांग की है।

