भोपाल। लगातार पड़ रही गर्मी के बीच अचानक से मौसम में बदलाव देखा गया। गुरुवार रात अचानक भोपाल, इंदौर, उज्जैन और रतलाम सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। वहीं पांढुर्णा और बैतूल में ओले भी पड़े। शुक्रवार को भी मौसम विभाग ने 36 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अपेक्षाकृत मार्च के महिना में गर्मी कम ही पड़ती है लेकिन इस साल प्रदेश के कई जिलों में फरवरी अंत से ही तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। गुरुवार रात अचानक मौसम ने करवट ले ली और तेज आंधी के साथ बारिश का दौर चालू हो गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और रतलाम सहित कई जिलों में हुई बारिश से वातारण में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग ने 36 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर-जबलपुर, धार और छिंदवाड़ा में तेज आंधी के साथ बिजली चमकने और ओले गिरने का अलर्ट जारी हुआ है।
36 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के लगभग 36 जिलों में शुक्रवार को भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रात में धार, जबलपुर और छिंदवाड़ा में ओले गिरने और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। इधर गुरुवार की रात भोपाल में मध्य रात्रि ठंडी हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ रात 1 बजकर 10 मिनट से तेज बारिश शुरू हुई। जानकारी के अनुसार पांढुर्णा और बैतूल में ओलावृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रदेश के कई जिलों में हुई बारिश
गुरुवार रात करीब 10 बजे के बाद प्रदेश के दो दर्जन जिलों में कहीं तेज तो कहीं बूंदा बांदी की खबरें हैं। धार में बिजली चमकी और गरज के साथ तेज बारिश हुई। बेमौसम हुई बारिश से खेतों में पककर तैयार हुई गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। आगर मालवा में मौसम बदला और तेज बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में तैयार खड़ी फसलों को नुकसान हुआ। दमोह के तेंदूखेड़ा में रात करीब 8ः30 बजे तेज बारिश हुई। पानी करीब आधे घंटे बरसा। इससे पहले तेज आंधी चलने के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई।
खरगोन में बिजली गिरने से गई महिला की जान
खरगोन के करानिया गांव में गुरुवार सुबह खेत पर काम कर रही एक महिला उंदरीबाई की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्रदेश के दो दर्जन जिलों में बदला मौसम, तेज बारिश के साथ बैतूल, पांढुर्णा में गिरे ओले गिरे


