Wednesday, September 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsएमपी में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

एमपी में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

भोपाल। नौतपा के दौरान भीषण गर्मी और लू से राहत मिल रही है। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश तथा ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।

राजधानी भोपाल में शनिवार देर रात तेज हवाएं चलीं। रात करीब साढ़े 12 बजे से तड़के 3 बजे तक आंधी का असर बना रहा, जिसके कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। रविवार सुबह शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी भी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अगले 24 घंटों के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देवास, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, छतरपुर, कटनी, मैहर, उमरिया और शहडोल जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

पिछले दो दिनों से प्रदेश के आधे हिस्से में बारिश का सिलसिला जारी है। टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, उज्जैन, रीवा, सागर, सतना, खरगोन, शिवपुरी, देवास, झाबुआ, मुरैना और अन्य जिलों में भी बारिश हुई है। श्योपुर में ओलावृष्टि की सूचना मिली है।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

लगातार बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। नौगांव में तीन दिन के भीतर तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। 27 मई को यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री था, जो शनिवार को घटकर 35.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। शनिवार को ग्वालियर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री, जबलपुर 38.2 डिग्री, इंदौर 38.8 डिग्री, उज्जैन 39 डिग्री और भोपाल 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान नरसिंहपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

लू से राहत

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले में लू चलने की संभावना नहीं है। मई महीने में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है, जब पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का असर कम हुआ है और लोगों को राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

20 to 26 September 2026
13 to 19 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन